What does history teach? A lesson from Mt.Vernon,USA

What does history teach? A lesson from Mt.Vernon,USA

Posted on: Fri, 10/30/2020 - 17:37 By: admin

आज वीकेंड है और अमेरिका में वीकेंड, वीकेंड ही होता है । यह थोड़ा सा एक्सटेंडेड वीकेंड है। सोमवार को यहां प्रेसिडेंट डे मनाया जाएगा और यह अमेरिका की जनता अपने पहले राष्ट्रपति जॉर्ज वाशिंगटन के जन्मदिन के मौके पर हर वर्ष 19 फरवरी को मनाते है। अमेरिका के अलग-अलग हिस्सों से लोग जॉर्ज वाशिंगटन के पैतृक शहर मोंट वर्नन में स्थित उनके समाधि स्थल पर घूमने आते हैं, छुट्टियाँ मनाने आते हैं।

वर्जीनिया में हम जहां ठहरे हुए हैं वहां से माउंट वर्मन बहुत दूर नहीं है करीब 1 घंटे के ड्राइव के बाद माउंट वर्नन पहुंचा जा सकता है। जॉर्ज मेसन यूनिवर्सिटी की तरफ से आज हम सभी लोगों को जॉर्ज वाशिंगटन के पैतृक शहर माउंट वर्मन देखने के लिए ले जाया गया।

निसंदेह यह अमेरिका का एक बहुत ही महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थल है। हर अमेरिकी नागरिक जॉर्ज वाशिंगटन के प्रति आभार व्यक्त करते हैं कि उन्होंने दुनिया की सबसे ताकतवर लोकतंत्र की नींव रखी थी। माउंट वर्नन में उनका निवास स्थल हजारों एकड़ में फैला हुआ है । वह ऐतिहासिक इमारत जिसमें George Washington रहते थे किसी भारतीय को आश्चर्यचकित नहीं कर सकता है। भारतीयों को आश्चर्यचकित करने के लिए मुगलों ने बहुत सारी इमारतें बनाई है। दक्षिण भारतीय राजाओं ने मध्यकालीन भारत में कई ऐतिहासिक इमारतों का निर्माण करवाया था। तो अगर आपने मदुरई का मीनाक्षी टेंपल देखा है और दिल्ली का लाल किला देखा है, तो माउंट वर्नन में स्थित जॉर्ज वाशिंगटन का निवास स्थल आपको आश्चर्यचकित नहीं कर सकता है। हाँ इसकी ऐतिहासिकता महत्वपूर्ण है। यहां के लोगों का इस जगह से जुड़ी हुई भावना महत्वपूर्ण है और यह आदरणीय है। इतिहास का विद्यार्थी होने के नाते मेरा परिचय इतिहास के कुछ महान व्यक्तियों से है और जब आप इस परिपेक्ष में जॉर्ज वाशिंगटन को एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व के रूप में देखते हैं तो एक बार फिर से आप आश्चर्यचकित नहीं होंगे, जिस प्रकार का संघर्ष महात्मा गांधी, नेल्सन मंडेला, अब्राहम लिंकन, मार्टिन लूथर किंग जूनियर, इत्यादि को करना पड़ा, शायद जॉर्ज वाशिंगटन को इनसे कम संघर्ष करना पड़ा था।

20

इतिहास में संघर्षों से ज्यादा, फैसलों का महत्व है जो आने वाली पीढ़ियों को हमेशा-हमेशा के लिए प्रभावित करता है। जॉर्ज वाशिंगटन ने जब अमेरिका को स्वतंत्रता दिलाई थी तो लोगों ने उनसे आग्रह किया था कि वे अमेरिका का राजा बन जाएं, यह 18वीं सदी के अंतिम वर्षों की बात है पूरे दुनिया में कहीं इस तरह का उदाहरण नहीं था, उन्होंने राजा बनने से मना कर दिया और अपना विश्वास जनता के द्वारा चुने हुए सरकार में यानी कि लोकतंत्र में स्थापित किया। बाद में वे अमेरिका के पहले राष्ट्रपति हुए, उचित यह कहना होगा कि पहले चुने हुए राष्ट्रपति हुए। कितना फर्क हो चुका है,वह समय था जब जिसको जनता राजा बनाना चाहती थी,वह चुन के आना चाहता था। आज आपको कई देशों में ऐसे प्रधानमंत्री मिल जाएंगे जो चुनावी गणित के कारण जैसे- तैसे प्रधानमंत्री बन जाते हैं और इस मौके की तलाश में रहते हैं कि वे कब अपने आप को राजा घोषित कर दें। और अगर घोषित नहीं कर पाते हैं तो कम से कम उनका व्यवहार वैसा ही होता है जैसे वह जनता के चुने हुए प्रतिनिधि नहीं,राजा हों।

जॉर्ज वाशिंगटन का यही वह फैसला था जिसने उन्हें इतिहास में अमर बना दिया है और यह कोई साधारण फैसला नहीं था, उन्होंने दुनिया को पहला लोकतंत्र दिया था,फ्रांसीसी क्रांति से भी पहले। यह अपने आप में एक बहुत ही सुखद अनुभव था कि आप दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र से आते हैं और आपको उस व्यक्ति के समाधि स्थल पर जाने का मौका मिलता है जिसने दुनिया में सबसे पहले लोकतंत्र की स्थापना की थी।

इतिहास सिर्फ घटनाएं नहीं है जो पहले हो चुकी है इतिहास एक प्रक्रिया है।जो घटनाएं पहले हो चुकी है वह आज हमें प्रभावित कर रही हैं और आज हम जो कर रहे हैं वह आने वाली पीढ़ियों को प्रभावित करेगी। यह कहना अनुचित नहीं होगा कि इतिहास हमें बनाती है और हम इतिहास बनाते हैं । हमारा हर काम, हर वक्त इतिहास बन रहा है जो आने वाली पीढ़ियों को प्रभावित करेगा और इसलिए यह बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है कि हम अपना नजर उन महत्वपूर्ण फैसलों पर बनाए रखें जिसका असर आने वाले समय पर होगा। दिल्ली में हो रहे शिक्षा क्रांति को आने वाला समय किसी महान ऐतिहासिक क्रांति से कम में नहीं आंक पाएगा, हम सभी व्यक्ति जो इस क्रांति से जुड़े हुए हैं चाहे हम स्टूडेन्ट हों,शिक्षक हों,अधिकारी हों या अभिभावक हों, हम एक महान ऐतिहासिक प्रक्रिया का हिस्सा है। हो सकता है कि हम अपनी इस महत्वपुर्ण ऐतिहासिक भूमिका को अभी नहीं समझ पा रहे हो । हम किन क्रांतियों को महान कहते हैं? अगर इतिहास में हुई विभिन्न क्रांतियों पर हम नजर ड़ालें तो वो सभी क्रांतियां महान कहलाती है, जिसने सामान्य लोगों के जीवन को प्रभावित किया। शिक्षा से ज्यादा सामान्य लोगों के जीवन को और क्या प्रभावित कर सकती है?

स्कूल की कहानियां अभी खत्म नहीं हुई है…. इंतजार करिए अगले पोस्ट का।